Harak Singh Rawat पर आरोपों के बीच सामने आया 2011 का शपथपत्र, पीड़िता ने पति के रूप में लिखा था राजकुमार तिवारी का नाम
स्वदेशी टाइम्स , देहरादून : उत्तराखंड में वर्ष 2003 के एक नाबालिग लड़की से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले को लेकर सियासी विवाद लगातार गहराता जा रहा है। करीब 23 साल बाद इस प्रकरण के दोबारा चर्चा में आने के बीच अब पीड़िता से जुड़े पुराने दस्तावेज सामने आए हैं। इनमें वर्ष 2011 में नगर निगम देहरादून में जमा किए गए एक शपथपत्र में पीड़िता के पति का नाम राजकुमार तिवारी दर्ज होने की बात कही जा रही है। वहीं, वर्ष 2016 से जुड़े एक अन्य दस्तावेज में पति के रूप में अजमल खान का नाम दर्ज होने का दावा सामने आया है।
इन दस्तावेजों के सार्वजनिक होने के बाद मामले में नए सवाल उठने लगे हैं। खास तौर पर राजकुमार तिवारी और अजमल खान के नाम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
2011 में बच्चे के जन्म प्रमाणपत्र के लिए दिया था शपथपत्र
सामने आई जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने 9 अगस्त 2011 को नगर निगम देहरादून से अपने बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र प्राप्त किया था। इसके लिए नगर निगम में जमा किए गए शपथपत्र में बच्चे के नाम के साथ उसके पिता और पीड़िता के पति के रूप में राजकुमार तिवारी का नाम दर्ज होने का दावा किया जा रहा है।
इस दस्तावेज के सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि राजकुमार तिवारी कौन हैं और पीड़िता ने वर्ष 2011 में उन्हें अपना पति क्यों बताया था। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पीड़िता अब अपने बच्चे का पिता पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को बता रही है।
2003 में नारी निकेतन में रह रही थी पीड़िता
उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, पीड़िता ने 9 जून 2003 को देहरादून के दून अस्पताल स्थित महिला चिकित्सालय में एक बच्चे को जन्म दिया था। उस समय उसकी उम्र करीब 16 साल बताई गई थी और वह नारी निकेतन में रह रही थी।
उस दौरान भी यह मामला प्रदेश की राजनीति में काफी चर्चा में रहा था। पीड़िता की ओर से बच्चे का पिता तत्कालीन मंत्री हरक सिंह रावत को बताए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। हरक सिंह रावत ने आरोपों को खारिज किया था और मंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ ही मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
सीबीआई जांच में हरक सिंह रावत को मिली थी राहत
वर्ष 2003 में उत्तराखंड में एनडी तिवारी के नेतृत्व वाली सरकार थी। राज्य सरकार की संस्तुति पर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। दी गई जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान डीएनए परीक्षण भी कराया गया था। इसमें बच्चे और हरक सिंह रावत का डीएनए मेल नहीं हुआ था।
सीबीआई जांच में हरक सिंह रावत के खिलाफ आरोप साबित नहीं हुए थे। इसके बाद एजेंसी ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। अदालत से भी उन्हें राहत मिली थी और मामला बंद हो गया था।
23 साल बाद पीड़िता ने फिर लगाए आरोप
करीब 23 साल बाद यह मामला एक बार फिर तब सुर्खियों में आया, जब पीड़िता 7 नवंबर को देहरादून पहुंची और प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उसने हरक सिंह रावत पर नए सिरे से गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि उसके बच्चे के पिता वही हैं।
पीड़िता ने मामले की दोबारा जांच कराने और बच्चे का डीएनए परीक्षण कराने की मांग भी की। उसके इन आरोपों के बाद उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर इस पुराने प्रकरण को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई।
हरक सिंह रावत ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
मामले पर हरक सिंह रावत ने अपना पक्ष रखते हुए पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में ही इस प्रकरण की सीबीआई जांच हो चुकी है और जांच में उन्हें क्लीन चिट मिली थी। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय केंद्र में भाजपा की सरकार थी।
हरक सिंह रावत ने इस पूरे मामले को भाजपा की राजनीतिक साजिश करार दिया। उनका आरोप है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण से ध्यान हटाने के लिए 23 साल पुराने मामले को दोबारा उठाया जा रहा है।
2016 के दस्तावेज में अजमल खान का नाम होने का दावा
इस विवाद के बीच हरक सिंह रावत ने दो दिन पहले प्रेस वार्ता में बबलू नाम के व्यक्ति को पीड़िता का पति बताया था। वहीं, उनके समर्थन में सामने आईं सोशल एक्टिविस्ट स्वाति नेगी ने वर्ष 2011 के शपथपत्र का हवाला देते हुए कहा कि उसमें पीड़िता ने अपने पति का नाम राजकुमार तिवारी लिखा था।
स्वाति नेगी ने मीडिया के सामने एक अन्य दस्तावेज भी रखा। उनके मुताबिक, वर्ष 2016 में पीड़िता की ओर से की गई शिकायत और नई दिल्ली के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष हुई सुनवाई से संबंधित पत्र में पति के रूप में अजमल खान का नाम दर्ज है।
इस तरह अब वर्ष 2011 के शपथपत्र में राजकुमार तिवारी और वर्ष 2016 से जुड़े दस्तावेज में अजमल खान का नाम सामने आने से विवाद और बढ़ गया है। हालांकि, इन दस्तावेजों में दर्ज जानकारियों और मौजूदा आरोपों के बीच संबंध को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले में पीड़िता की ओर से दोबारा जांच और डीएनए परीक्षण की मांग की गई है, जबकि हरक सिंह रावत पुराने सीबीआई निष्कर्षों का हवाला देकर आरोपों को खारिज कर रहे हैं।