Kedartal हादसा: लापता चार ट्रैकरों की तलाश फिर शुरू, अब तक मिले चार शव; दो की पहचान बाकी

स्वदेशी टाइम्स , उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन के बाद लापता हुए चार ट्रैकरों की तलाश के लिए गुरुवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी और खराब मौसम के बीच एसडीआरएफ, पुलिस समेत अन्य बचाव दल लापता लोगों की खोज में जुटे हैं।

केदारताल क्षेत्र में तैनात एसडीआरएफ की टीम ने सैटेलाइट फोन के जरिए कंट्रोल रूम को अपने सभी सदस्यों के सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद गुरुवार सुबह 8:45 बजे टीम निर्धारित सर्चिंग क्षेत्र के लिए रवाना हो गई।

हादसे के बाद आठ ट्रैकर हुए थे लापता

केदारताल ट्रैक पर हुए हादसे के बाद कुल आठ ट्रैकर लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक चार ट्रैकरों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

मंगलवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान दो शव मिले थे, जबकि बुधवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन में दो और शव बरामद किए गए। बुधवार को चारों शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से केदारताल क्षेत्र से मातली हेलीपैड लाया गया। इसके बाद शिनाख्त और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

लखनऊ की दो सगी बहनों की हुई पहचान

जिला अस्पताल लाए गए चार शवों में दो पुरुषों और दो महिलाओं के शव शामिल हैं। दोनों महिला ट्रैकरों की पहचान लखनऊ के गायत्रीपुरम निवासी सगी बहनों दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा के रूप में हुई है। उनके भाई अतुल वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर दोनों की पहचान की।

वहीं, बरामद किए गए दोनों पुरुष ट्रैकरों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक, उनके परिजनों के उत्तरकाशी पहुंचने के बाद पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

खराब मौसम के कारण रोकना पड़ा था अभियान

बुधवार दोपहर बाद केदारताल क्षेत्र में मौसम बिगड़ने और बर्फबारी शुरू होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा था। पहाड़ी इलाके में लगातार हो रही बर्फबारी से रेस्क्यू टीमों के सामने मुश्किलें बढ़ रही हैं। इसके बावजूद लापता चारों ट्रैकरों की तलाश जारी है।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि बरामद किए गए दो महिला ट्रैकरों के शवों की पहचान उनके परिजनों ने कर ली है। अन्य दो शवों की पहचान परिजनों के पहुंचने के बाद की जाएगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को लापता चार लोगों की तलाश के लिए अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया है। रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौसम और परिस्थितियों के अनुसार अभियान चलाया जा रहा है।