Uttrakhand सांसद निधि का हाल: 135.95 करोड़ में सिर्फ 24.12 करोड़ रुपये खर्च

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : उत्तराखंड में सांसद निधि से होने वाले विकास कार्यों को लेकर आरटीआई में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। जून 2026 तक राज्य के मौजूदा लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को कुल 135.95 करोड़ रुपये की सांसद निधि आवंटित हुई, लेकिन इसमें से सिर्फ 24.12 करोड़ रुपये, यानी करीब 18 फीसदी राशि ही खर्च हो सकी है।

यह जानकारी ग्राम्य विकास आयुक्त उत्तराखंड कार्यालय की ओर से आरटीआई कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट को उपलब्ध कराई गई सूचना से सामने आई है। खर्च की गई रकम में पूर्ण हो चुके और निर्माणाधीन कार्यों पर हुआ व्यय शामिल है।

215 प्रस्तावित कार्यों को अब तक मंजूरी नहीं

आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, सांसदों की ओर से प्रस्तावित 215 कार्यों को अधिकारियों की स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है। वहीं, स्वीकृत कार्यों में से भी 154 काम जून 2026 तक शुरू नहीं हो पाए थे।

इससे सांसद निधि के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई योजनाएं प्रस्तावित और स्वीकृत होने के बावजूद जमीन पर शुरू नहीं हो सकी हैं।

आठ सांसदों को मिली 135.95 करोड़ की निधि

आरटीआई के जवाब में सामने आए रिकॉर्ड के अनुसार, उत्तराखंड के मौजूदा आठ सांसदों को उनके वर्तमान कार्यकाल में कुल 135.95 करोड़ रुपये की सांसद निधि आवंटित हुई है।

इसमें पांच लोकसभा सांसदों को 73.50 करोड़ रुपये, जबकि तीन राज्यसभा सांसदों को 62.45 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।

लोकसभा सांसदों की निधि से करीब 10 फीसदी खर्च

लोकसभा सांसदों के आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 तक पूर्ण हो चुके कार्यों पर 5.769 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, निर्माणाधीन कार्यों पर करीब 1.90 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है।

इस तरह पांचों लोकसभा सांसदों को आवंटित कुल 73.50 करोड़ रुपये की निधि में से करीब 10 फीसदी राशि ही खर्च हो सकी है।

राज्यसभा सांसदों के मामले में 26 फीसदी खर्च

वहीं, राज्यसभा सांसदों को आवंटित निधि में खर्च का आंकड़ा लोकसभा सांसदों की तुलना में अधिक है। जून 2026 तक पूर्ण हो चुके कार्यों पर 7.04 करोड़ रुपये और निर्माणाधीन कार्यों पर 9.41 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

इस तरह राज्यसभा सांसदों को मिली कुल 62.45 करोड़ रुपये की निधि में से करीब 26 फीसदी राशि खर्च हुई है।

माला राज्य लक्ष्मी शाह खर्च के मामले में आगे

लोकसभा सांसदों में जून 2026 तक सांसद निधि खर्च करने के मामले में टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सबसे आगे बताई गई हैं। आरटीआई से मिले आंकड़ों में उनके क्षेत्र में अन्य लोकसभा सांसदों की तुलना में अधिक राशि खर्च दर्ज की गई है।

आरटीआई कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट ने सांसद निधि के आवंटन और खर्च से जुड़ी जानकारी ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय से मांगी थी। इसके जवाब में लोक सूचना अधिकारी एवं उपायुक्त प्रशासन हेमन्ती गुंजियाल ने पत्रांक 319762 के माध्यम से जून 2026 तक का विवरण उपलब्ध कराया।

ये आंकड़े यह भी दिखाते हैं कि सांसद निधि से जुड़े कई प्रस्ताव अभी स्वीकृति या क्रियान्वयन की प्रक्रिया में हैं, जिसके चलते आवंटित राशि का बड़ा हिस्सा अब तक खर्च नहीं हो पाया है।