स्वदेशी टाइम्स, विकासनगर : Tyuni देहरादून जिले के त्यूणी तहसील क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चिल्लाड़ के पास एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक समेत तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और त्यूणी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के अनुसार, UP37P6641 नंबर की फोर्ड फ्रीस्टाइल कार चकराता मोटर मार्ग से अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई।
हादसे में एक की मौत, दो घायल
रेस्क्यू टीम ने वाहन के पास फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का शव भी खाई से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया।
एसडीआरएफ के कांस्टेबल नवीन सिंह के अनुसार, टीम को चिल्लाड़ क्षेत्र में वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कार करीब 300 मीटर नीचे खाई में मिली, जिसमें तीन लोग सवार थे। एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो लोग घायल हालत में वाहन के पास फंसे हुए थे।
मृतक हापुड़ का, दो लोग घायल
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के फतापुर का रहने वाला बताया गया है।
वहीं, घायलों में 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और ऋषभ, निवासी देहरादून शामिल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह ने बताया कि चिल्लाड़ राजस्व पुलिस क्षेत्र में फोर व्हीलर फोर्ड फ्रीस्टाइल कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।