Mussoorie : वीकेंड पर मसूरी में लगा भीषण जाम, 35 किमी का सफर तय करने में लग रहे 5 घंटे
स्वदेशी टाइम्स, मसूरी : वीकेंड और लगातार छुट्टियों के चलते मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबार में रौनक जरूर है, लेकिन भारी वाहन दबाव के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। देहरादून से मसूरी पहुंचने में पर्यटकों को चार से पांच घंटे तक का समय लग रहा है।
मसूरी-देहरादून मार्ग से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और मालरोड तक वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। इसके कारण पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
35 किलोमीटर का सफर पांच घंटे में
वीकेंड पर मसूरी में जाम की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देहरादून से मसूरी की करीब 35 किलोमीटर की दूरी तय करने में कई घंटे लग रहे हैं। वहीं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली से देहरादून की करीब 215 किलोमीटर की दूरी लगभग ढाई घंटे में तय की जा रही है।
मसूरी पहुंचने वाले पर्यटकों का कहना है कि पहाड़ों का मौसम और प्राकृतिक सुंदरता उन्हें आकर्षित करती है, लेकिन लंबे जाम के कारण सफर का आनंद प्रभावित हो रहा है।
पार्किंग की कमी भी बनी बड़ी समस्या
शहर में सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण भी सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। कई जगह सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। मालरोड और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पर्यटकों की भीड़ के साथ वाहनों की आवाजाही बढ़ने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है।
देहरादून पुलिस की ओर से वीकेंड के लिए ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन व्यवस्था लागू किए जाने के बावजूद पर्यटकों की भारी संख्या के कारण कई जगह यातायात दबाव बना हुआ है।
बीजेपी नेता ने पुलिस व्यवस्था को लेकर कही ये बात
मसूरी भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि सीमित पुलिस बल के बावजूद मसूरी पुलिस यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान वाहनों की संख्या अचानक बढ़ जाती है।
उन्होंने मसूरी में पुलिस बल बढ़ाने की जरूरत बताते हुए स्थानीय लोगों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की बात कही।
कांग्रेस नेता ने सरकार पर उठाए सवाल
वहीं, कांग्रेस नेता गौरव गुप्ता ने मसूरी में जाम की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मसूरी में विकास और पार्किंग सुविधाओं को लेकर दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली से देहरादून पहुंचने में करीब ढाई घंटे लग रहे हैं, जबकि देहरादून से मसूरी के लिए 35 किलोमीटर का सफर पांच घंटे तक पहुंच गया है। उन्होंने यातायात प्रबंधन और पार्किंग सुविधाओं को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।
पर्यटकों की भीड़ बनी चुनौती
वीकेंड पर उमड़ी पर्यटकों की भीड़ ने मसूरी के सामने यातायात प्रबंधन की चुनौती बढ़ा दी है। एक ओर पर्यटन कारोबार को पर्यटकों की संख्या बढ़ने से फायदा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर जाम, पार्किंग और सड़क पर बढ़ते वाहन दबाव से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। अब चुनौती यह है कि पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को किस तरह सुचारू रखा जाए।