UKSSSC ने सात भर्तियों की परीक्षा तिथियों में किया बदलाव, 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : UKSSSC उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की सात भर्ती परीक्षाओं को लेकर संशोधित कैलेंडर जारी किया है। आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार कई परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के तहत पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के स्थान पर 18 अक्तूबर को आयोजित होगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्तूबर के बजाय 20 सितंबर को कराई जाएगी।
सहायक लेखाकार की परीक्षा की तारीख भी बदली गई है। अब यह परीक्षा चार अक्तूबर के स्थान पर एक नवंबर को होगी। इसी तरह वैयक्तिक सहायक की परीक्षा एक नवंबर की जगह 20 दिसंबर को प्रस्तावित की गई है।
विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर की परीक्षा तय समय पर
आयोग के अनुसार विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों के लिए परीक्षा 17 जनवरी को ही आयोजित की जाएगी। पिछले कैलेंडर में इस परीक्षा के वर्ष को गलती से 2026 प्रकाशित कर दिया गया था, जिसे संशोधित कर अब 2027 किया गया है।
वैयक्तिक सहायक और आशुलिपिक के 101 पदों पर भर्ती
UKSSSC ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत विभिन्न समूह-ग के कुल 101 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्तूबर तक चलेगी।
आवेदन पत्र में सुधार का अवसर 17 से 19 अक्तूबर के बीच दिया जाएगा। लिखित परीक्षा की संभावित तारीख 20 दिसंबर निर्धारित की गई है। भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में की जाएगी। इनमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 पद और वन निगम में 10 पद शामिल हैं।
योग्यता और आवेदन शुल्क
वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। अभ्यर्थी का 12वीं पास होना जरूरी है और 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति निर्धारित की गई है।
आशुलिपिक पद के लिए भी 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में कम से कम 80 शब्द प्रति मिनट तथा टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक होगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये तथा एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।