Premnagar में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, हाईवे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से भिड़े दो पक्ष

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Premnagar देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव में बीती रात मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। प्रेमनगर थाने से कुछ दूरी पर मुख्य हाईवे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई।

बताया जा रहा है कि शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला करने लगे।

सड़क पर जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर बड़ी संख्या में लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग सड़क किनारे पड़ी ईंटें उठाकर एक-दूसरे पर फेंक रहे हैं, जबकि कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

इस झड़प में युवकों के साथ महिलाएं और युवतियां भी शामिल नजर आईं। मुख्य हाईवे पर हुए इस बवाल के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क से गुजर रहे राहगीर भी घटना को देखकर सहम गए।

दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना

बताया जा रहा है कि मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हालांकि, अभी तक घायलों की सटीक संख्या सामने नहीं आई है।

अब तक थाने में नहीं दी गई शिकायत

मामले में अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने भी प्रेमनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस बोली- वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। दोनों पक्षों के लोगों के अस्पताल में उपचार कराने की जानकारी मिली है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

केहरी गांव में सरेराह मुख्य हाईवे पर हुई इस हिंसक झड़प ने प्रेमनगर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।