यूट्यूब चैनल के जरिए फंसाते थे लोग, पूजा के बहाने लाखों रुपये लेकर हो जाते थे फरार

स्वदेशी टाइम्स, हरिद्वार : Operation Kalnemi मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। श्यामपुर थाना पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹4.55 लाख नकद, एक लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास मन्नत ढाबा क्षेत्र में एक व्यक्ति से ₹4.60 लाख की धोखाधड़ी कर एक पुरुष और एक महिला सफेद रंग की एंडेवर कार से फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में तत्काल नाकाबंदी व सघन चेकिंग शुरू कराई। पीड़ित विनोद कुमार, निवासी सोनीपत (हरियाणा) की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ‘AGHORA’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते थे, जिस पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीतते थे। इन वीडियो से प्रभावित होकर विभिन्न राज्यों के लोग अपनी पारिवारिक, मानसिक या अंधविश्वास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उनसे संपर्क करते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को विशेष पूजा कराने का झांसा देकर ₹4.60 लाख खर्च होने की बात कही। फिर उसे लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा और नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और चेक पोस्टों पर सघन निगरानी के आधार पर पुलिस ने चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों में विश्वास पैदा कर उन्हें अंधविश्वास और भय का शिकार बनाते थे तथा पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये और कीमती सामान ठग लेते थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, मोन्टी जोशी और अर्चना रावत के रूप में हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार या ऊपरी बाधा के नाम पर धन मांगने वाले तथाकथित बाबाओं और सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।