Maha TET पेपर लीक, 28 जून की परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित
स्वदेशी टाइम्स, नई दिल्ली : Maha tet महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) 2026 का प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका के बाद 28 जून को प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और परीक्षा परिषद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा टालने का फैसला लिया। इस घटनाक्रम से एक लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, भिवंडी में कुछ संदिग्ध लोगों के पास ऐसे प्रश्न पत्र मिले, जिनके सवाल MAHA TET परीक्षा से मेल खाते पाए गए। गुप्त सूचना के आधार पर 27 जून को भिवंडी पुलिस ने छापेमारी की और परीक्षा परिषद के अधिकारियों की मौजूदगी में दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में प्रश्नपत्रों के सवाल परीक्षा के पेपर से मिलते पाए जाने के बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया।
शिक्षा विभाग ने बताया कि पूरे मामले की जांच पूरी होने तक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समय रहते जानकारी मिल सके।
राज्यभर में यह परीक्षा 1,428 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होनी थी। बड़ी संख्या में पहले से कार्यरत शिक्षक भी आवश्यक टीईटी योग्यता प्राप्त करने के लिए परीक्षा देने वाले थे, जबकि हजारों अन्य अभ्यर्थी शिक्षक बनने के उद्देश्य से इसमें शामिल होने वाले थे।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं। MAHA TET का पेपर लीक होने की घटना के बाद एक बार फिर परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर चर्चा तेज हो गई है।