Kedarnath Temple में वायरल रील वीडियो पर हंगामा, BKTC और प्रशासन घिरे
स्वदेशी टाइम्स, रुद्रप्रयाग : Kedarnath Temple धाम में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक फिल्मी अंदाज में रील शूट करते और साथियों के कंधों पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा केदार का धाम करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है, न कि मनोरंजन या सोशल मीडिया कंटेंट बनाने की जगह। वायरल वीडियो को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) और प्रशासन की ओर से यात्रा शुरू होने से पहले रील और डांस वीडियो पर रोक लगाने की बात कही गई थी, तो फिर इस तरह की गतिविधियां खुलेआम कैसे हो रही हैं।
धाम में मौजूद तीर्थ पुरोहितों ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी, हिमांशु तिवारी और गौरव तिवारी ने कहा कि धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन और BKTC से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धाम की गरिमा से खिलवाड़ न कर सके।
वहीं Badrinath-Kedarnath Temple Committee के सदस्य विनीत पोस्ती ने कहा कि भारी भीड़ के बीच कुछ लोग अनुचित तरीके से रील बना रहे हैं, जो सही नहीं है। ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और श्रद्धालुओं से भी धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि इस बार Kedarnath Yatra के दौरान भारी भीड़, VIP संस्कृति, ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थाओं को लेकर पहले से सवाल उठ रहे हैं। अब सोशल मीडिया रीलबाजी का मुद्दा सामने आने के बाद प्रशासन और BKTC की कार्यप्रणाली पर नई बहस शुरू हो गई है।
