स्वदेशी टाइम्स, रोडवेज बस: रानीबाग के पास भीमताल–हल्द्वानी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच साल की मासूम बच्ची कनक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (UK 06 PA 1726) ने बच्ची को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद बच्ची बस के नीचे आ गई और वाहन उसे कुछ दूरी तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव किया और उसके शीशे तोड़ दिए।
हंगामे के चलते भीमताल–हल्द्वानी मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। तिकोनिया, भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराने के प्रयास शुरू किए।