स्वदेशी टाइम्स, संभल : संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की टीम ने बुलडोजर और क्रेन की मदद से वहां बनी एक मीनार को गिराया।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार के नेतृत्व में एसडीएम द्वारा गठित टीम मौके पर पहुंची, जिसमें राजस्व निरीक्षक और लेखपाल भी शामिल थे। प्रशासन का कहना है कि यह निर्माण सरकारी जमीन पर किया गया था और इसके खिलाफ तहसील न्यायालय से ध्वस्तीकरण के आदेश जारी हुए थे।
गांव में मस्जिद, मदरसा, कुछ दुकानें, एक प्राइमरी स्कूल और कई आवासीय ढांचे बने होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने पहले संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए कुछ ढांचों को स्वयं हटाने में असमर्थता जताई थी और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
इसी के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की।