नन्ही बच्ची ने CM योगी को दिया ‘बुलडोजर’, मुख्यमंत्री ने प्यार से किया दुलार
स्वदेशी टाइम्स, गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पांच वर्षीय यशस्विनी ने मुख्यमंत्री को खिलौने वाला बुलडोजर भेंट किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कमजोर वर्ग के लोगों को कुछ दबंगों द्वारा डराने, धमकाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक में निर्देशित किया, ‘गुंडागर्दी करने वालों को उठाकर बंद करो।’ उन्होंने कहा कि किसी मुकदमे में यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई की जाए। इस दौरान कानपुर की रहने वाली पांच वर्षीय यशस्विनी ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में प्रातः भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री को खिलौने वाला बुलडोजर दिया।
