पछुआ हवाओं से मिलेगी राहत, धूप खिलने से ठंड की गलन कम
स्वदेशी टाइम्स, लखनऊ : यूपी में गलन और ठंड से ठिठुर रहे लोगों को आज से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 से 11 जनवरी के बीच तापमान में बढ़त दर्ज की जाएगी।
यूपी में ठंड और गलन से परेशान लोगों को कुछ दिनों के लिए थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में तापमान बढ़ने की भविष्यवाणी की है। वहीं, शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है।
इसके पहले, बृहस्पतिवार को कई इलाकों में दोपहर में गुनगुनी धूप खिली लेकिन गलन भरी सर्द पछुआ ने लोगों को असहज किया। 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सोनभद्र प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, बरेली और गोरखपुर में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य हो गई।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय विक्षोभ के असर से 9 से 11 जनवरी के बीच दिन व रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़त की संभावना है। इस दौरान पछुआ अपेक्षाकृत कम ठंडी होगी। शुक्रवार से अगले तीन दिनों के लिए प्रदेश में कहीं भी अति घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी नहीं है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 9 से 11 जनवरी के बीच दिन व रात के तापमान में बढ़त से प्रदेश में ठंड और कोहरे से आंशिक राहत के संकेत हैं। विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद 12 जनवरी से दोबारा पारे में गिरावट के साथ मौसम फिर से करवट लेगा।
