SIR में जमा दस्तावेजों का होगा सत्यापन, चुनाव आयोग ने नोडल अधिकारी किए नियुक्त

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : SIR उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए उन्हें दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि मतदाताओं द्वारा नोटिस के जवाब में प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों की समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से जांच की जाए। आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों में शैक्षिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि वे जिलों में तैनात अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया की लगातार निगरानी करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो और पुनरीक्षण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभाग करेगा, जबकि स्थायी निवास, जाति और भवन आवंटन से जुड़े प्रमाणपत्रों का सत्यापन राजस्व परिषद के माध्यम से होगा। जन्म प्रमाणपत्र की पुष्टि शहरी विकास और स्वास्थ्य विभाग करेंगे। परिवार रजिस्टर और भवन आवंटन संबंधी अभिलेखों की जांच पंचायतीराज विभाग करेगा, जबकि ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल सत्यापन की जिम्मेदारी आईटीडीए को दी गई है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पंचायतीराज, राजस्व और आईटीडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के बाद वरिष्ठ चुनाव अधिकारी भी जिलों में निरीक्षण और समीक्षा के लिए निकल पड़े हैं। डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने हरिद्वार में पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया, जबकि डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने देहरादून में समीक्षा की। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीसी दुमका ने चंपावत में निरीक्षण किया। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उत्तरकाशी, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर सहित विभिन्न जिलों में SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे।