Uttarakhand चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ कल से शुरू, चार दिशाओं से निकलेगी यात्रा

स्वदेशी टाइम्स , देहरादून : Uttarakhand विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी 22 अक्टूबर से प्रदेश में ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू करने जा रही है। यात्रा की शुरुआत प्रदेश के चार अलग-अलग क्षेत्रों से होगी। इसके तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता कुमाऊं, गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे।

पार्टी ने यात्रा के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। कांग्रेस का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाना, स्थानीय मुद्दों को उठाना और संगठन को मजबूत करना है।

पहले दल की कमान यशपाल आर्य और हरीश रावत के हाथों में

न्याय यात्रा के पहले दल का शुभारंभ 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगा। इस दल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ करेंगे।

यात्रा कुमाऊं क्षेत्र के रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी।

इसके बाद 23 अक्टूबर को यात्रा लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को रुद्रपुर से बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर तक यात्रा निकाली जाएगी। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल की यात्रा का समापन होगा।

गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बदरीनाथ से शुरू होगी यात्रा

न्याय यात्रा का दूसरा दल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य विधायकों के नेतृत्व में निकलेगा। इसकी शुरुआत 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद होगी। यह दल जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा।

23 अक्टूबर को यात्रा नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचेगी।

इसके बाद 24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और कोटद्वार में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल में कार्यक्रम होगा।

वहीं, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी।

प्रीतम सिंह के नेतृत्व में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा

न्याय यात्रा का तीसरा दल चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में निकलेगा। 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी।

23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे।

इसके बाद 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम के बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में भाग लेंगे।

हरक सिंह रावत के नेतृत्व में हरिद्वार जिले में निकलेगी यात्रा

न्याय यात्रा का चौथा दल चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के नेतृत्व में निकलेगा। यह दल 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर पहुंचेगा, जहां यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

इसके बाद हरिद्वार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा का समापन होगा।

विधानसभा घेराव के बाद भी जारी रहेंगे कार्यक्रम

प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष राजीव महर्षि ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेज की राजनीतिक गतिविधियां

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस प्रदेशभर में अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा रही है। चार अलग-अलग दलों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचने की रणनीति के तहत पार्टी वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेगी।

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस किन स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाती है और इसका आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर क्या असर पड़ता है।