Gopeshwar में बंदरों का आतंक, बच्चे के साथ जा रहे अभिभावक पर किया हमला
स्वदेशी टाइम्स, चमोली : Gopeshwar में बंदर और लंगूरों की बढ़ती संख्या अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बंदरों के झुंड के चलते राहगीरों में डर का माहौल है। ताजा मामला गणेश मंदिर के पास का है, जहां एक अभिभावक अपने छोटे बच्चे के साथ जा रहा था। इसी दौरान एक बंदर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अभिभावक ने किसी तरह बच्चे को संभाला और खुद को भी हमले से बचाया।
बंदरों के झुंड से परेशान स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोपेश्वर में यह कोई पहली घटना नहीं है। शहर के कई इलाकों में बंदर और लंगूरों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं। इनके कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार जिला प्रशासन, नगर पालिका और वन विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
पकड़ने के प्रयास के बावजूद समस्या बरकरार
बंदरों को पकड़ने के लिए नगर पालिका की ओर से कई बार टीम भी बुलाई गई, लेकिन इसके बावजूद इनकी संख्या और घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावी अभियान चलाकर बंदरों और लंगूरों से निजात दिलाने की मांग की है।
बदरीनाथ वन प्रभाग की डीएफओ प्रणाली रमेश के अनुसार, क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती समस्या को देखते हुए उन्हें पकड़ने की व्यवस्था जल्द की जाएगी। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।