Uttarakhand में अगले 6 दिन बारिश का अलर्ट, पिथौरागढ़ में 18 और बागेश्वर में 16 सड़कें बंद
स्वदेशी टाइम्स, पिथौरागढ़ / टिहरी गढ़वाल : Uttarakhand मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 10 सितंबर तक प्रदेश के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार अगले छह दिनों तक उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान फिलहाल सही साबित होता नजर आ रहा है और लगातार बारिश के कारण पहाड़ी जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश और भूस्खलन के चलते कई सड़क मार्ग बंद हो गए हैं, जबकि टिहरी जिले में निर्माणाधीन जाख-डोबरा रिंग रोड के तहत बनाया गया पुश्ता बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है।
पिथौरागढ़ में बारिश से हालात बिगड़े
सीमांत पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से 18 सड़कें बंद हो गई हैं। इससे कई ग्रामीण क्षेत्रों का जिला और तहसील मुख्यालयों से संपर्क प्रभावित हुआ है।
सड़कें बंद होने के कारण यात्रियों के साथ मरीजों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चीन सीमा को जोड़ने वाले मार्ग भी बारिश से प्रभावित हुए हैं और कई जगहों पर घंटों यातायात बाधित रहा।
बंद सड़कों को खोलने में जुटी टीमें
मौसम विभाग ने 5 सितंबर को भी पिथौरागढ़ में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। 5 सितंबर को स्कूल बंद रखने की सूचना भी जारी की गई है।
प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मशीनों की मदद से बंद सड़कों को खोलने में जुटी हैं।
पिथौरागढ़ में ये सड़कें बंद
- घारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग
- तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग
- ड्योरा-बारमू मोटर मार्ग
- जौलजीबी-झूलाघाट मोटर मार्ग
- सोबला-उमचिया मोटर मार्ग
- होकरा-नामिक मोटर मार्ग
- एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग
- घापाबैण्ड-बुई-पातों मोटर मार्ग
- बांसबगड़-कोटा मोटर मार्ग
- मदकोट-दारमा मोटर मार्ग
- जैती-घोरपट्टा मोटर मार्ग
- घट्टाबगड़-तांकुल मोटर मार्ग
- देविसौना-गराली-कूटा मोटर मार्ग
- मालाकोट-लोघ मोटर मार्ग
- मदकोट-बोना मोटर मार्ग
- कनालीछीना-पीपली मोटर मार्ग
- जाखपन्त-मनकोट-चौड़ी मोटर मार्ग
- गिनीबैण्ड-समकोट मोटर मार्ग
बागेश्वर में 16 सड़कें बंद, एंबुलेंस भी फंसी
बागेश्वर जिले में भी लगातार बारिश के कारण हालात मुश्किल बने हुए हैं। बारिश और भूस्खलन के चलते एनएच-109 समेत 16 मोटर मार्ग बंद बताए गए हैं। कई जगह सड़कों पर मलबा आने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
रवाईखाल क्षेत्र में सड़क बंद होने के कारण एंबुलेंस, बस और टैक्सियों समेत सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे। बैजनाथ की ओर मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसी रही।
संबंधित विभाग की टीमें मशीनों के जरिए मलबा हटाकर सड़क खोलने का काम कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
टिहरी में बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ रिंग रोड का पुश्ता
लगातार बारिश के बीच टिहरी जिले में निर्माणाधीन जाख-डोबरा रिंग रोड के तहत बनाया गया पुश्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती बारिश में ही पुश्ते का एक हिस्सा टूटने और धंसने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
पुश्ता क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया होता तो बारिश की शुरुआत में ही पुश्ते की ऐसी स्थिति नहीं बनती।
निर्माण कार्य की तकनीकी जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माणदायी संस्था से मामले का संज्ञान लेकर पुश्ते की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से की महज खानापूर्ति के बजाय निर्धारित मानकों के अनुसार मजबूत तरीके से दोबारा निर्माण किया जाना चाहिए।
जाख-डोबरा रिंग रोड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में सड़क की सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही के लिए बड़ी परेशानी पैदा कर सकती है।