Dehradun में शराब की दुकानों पर छापेमारी, ओवररेटिंग समेत कई अनियमितताएं मिलीं

स्वदेशी टाइम्स , देहरादून : शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। देहरादून के अलग-अलग इलाकों में प्रशासन की टीमों ने शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों पर ओवररेटिंग के साथ-साथ स्टॉक रजिस्टर, रेट लिस्ट और सेल्समैन से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं।

जाखन और राजपुर रोड में कई दुकानों की जांच

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की टीम ने जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र में शराब की कई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। वहीं, दुकानों पर निर्धारित रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर भी प्रदर्शित नहीं किया गया था।

निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर अनाधिकृत सेल्समैन भी काम करते हुए मिले। टीम ने सामने आई अनियमितताओं को दर्ज किया।

आईएसबीटी की दुकान पर ओवररेटिंग पकड़ी गई

सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर की टीम ने माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों की जांच की। इस दौरान आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत जांच में सही पाई गई।

जांच के दौरान दुकान में रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाए। इसके अलावा दुकान पर अनाधिकृत सेल्समैन मौजूद मिले और निर्धारित रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं थी।

प्रेमनगर में भी मिलीं अनियमितताएं

एसडीएम मुख्यालय की टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां एक दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। जांच के दौरान दुकान पर अनाधिकृत सेल्समैन भी पाए गए।

प्रशासन की इन छापेमारी से शराब दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों की ओर से नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी निरीक्षण और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।