Neem Beach के पास गंगा में नहाते समय युवक बहा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

स्वदेशी टाइम्स, मुनिकीरेती : Neem Beach थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के नीम बीच के पास गंगा नदी में नहाते समय एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही SDRF, आपदा राहत दल, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी सौरभ शर्मा (20) अपने दोस्त के साथ नीम बीच से आगे घूमने गया था। इसी दौरान दोनों गंगा में नहाने लगे। नहाते समय सौरभ अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के साथ बह गया। कुछ ही देर में उसका कोई पता नहीं चल सका।

डीप डाइविंग उपकरणों से तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से नदी के संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की।

हालांकि, गंगा का बहाव तेज होने के कारण अभी तक सौरभ का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। SDRF और अन्य राहत टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

परिजन भी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और राहत टीमों की ओर से युवक की तलाश के लिए आसपास के नदी क्षेत्र को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है और पुलिस व SDRF की टीमें युवक का पता लगाने में जुटी हुई हैं।