Dehradun में बड़ा हादसा ! सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार गिरी, युवक मलबे में दबा

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Dehradun देहरादून में मंगलवार को बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में सेंट्रियो मॉल के सामने सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने के दौरान पासपोर्ट बनवाने के लिए आया एक युवक इसकी चपेट में आ गया और मलबे के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, टिहरी गढ़वाल के ग्राम रतौली निवासी 26 वर्षीय सचिन पुत्र बलबीर सिंह पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून आया था। वह सेंट्रियो मॉल के सामने इंतजार कर रहा था। इसी दौरान सर्वे ऑफ इंडिया की पुरानी दीवार अचानक उसके ऊपर गिर गई। सचिन मलबे के नीचे दब गया, जिससे उसका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही हाथीबड़कला पुलिस चौकी और डालनवाला थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे युवक को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल सचिन को इलाज के लिए दून अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हादसे के दौरान पास में चाय का ठेला लगाने वाले 53 वर्षीय विनोद को भी हल्की चोटें आईं। दीवार गिरने की तेज आवाज के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

बताया जा रहा है कि देहरादून में लगातार बारिश होने के कारण सर्वे ऑफ इंडिया की पुरानी दीवार कमजोर हो गई थी। बारिश के बीच अचानक दीवार ढहने से यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

डालनवाला कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने बताया कि सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार गिरने से एक युवक घायल हुआ है, जिसे एंबुलेंस के जरिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर आपदा प्रबंधन की टीम को बुलाकर मलबा हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही सर्वे ऑफ इंडिया को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।