“सुधर जाओ, अभी भी वक्त है!”—अवैध खनन माफिया को खाकी की चेतावनी
स्वदेशी टाइम्स, बहराइच : जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. बहराइच के दरगाह क्षेत्र में देर रात चल रहे अवैध खनन पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया.
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके से 2 जेसीबी और 4 डंपर को पकड़ा गया. खनन कार्य में प्रयुक्त सभी वाहनों को तत्काल सीज कर दिया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में खलबली मच गई. छापेमारी के बाद पकड़े गए सभी वाहनों को दरगाह थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में खौफ का माहौल देखने को मिल रहा है.
