सिंचाई विभाग की इमारत की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, ईंट निकालने के दौरान हादसा
स्वदेशी टाइम्स, जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सिंचाई विभाग के खंडहर इमारत की दीवार गिरने से उसकी जान चली गई। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। वहीं पुलिस ने मामला कायम कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सिंचाई विभाग में कार्यरत नरहर पटेल ने मजदूर धनीराम झरिया (50) को ईंट निकालने के लिए बुलाया था। इसी दौरान खंडहर इमारत की दीवार गिर गई और मजदूर धनीराम की जान चली गई। स्थानीय लोगों ने धनीराम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणजन इक्ट्ठा हुए और जमकर हंगामा किया।
हंगामा होता देख पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों-ग्रामीणजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। स्थानीय निवासी छोटेलाल झारिया ने बताया कि ईंट निकालते समय अचानक दीवार गरी और धनीराम मलबे में दब गया। यह देख उसे बचाने के लिए पहुंचे, थोड़ी देर तक सांस चल रही थी, लेकिन कुछ देर में ही उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
