दो भाइयों की हत्या: गांव में शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम, आरोपियों के घर ‘बुलडोजर’ चलाने की मांग
स्वदेशी टाइम्स, मेरठ: यूपी के मेरठ स्थित सरधना के गांव मेहरमती गणेशपुर में दो भाइयों भूरा और सैमुद्दीन की हत्या कर दी गई। एक हजार रुपये को लेकर दोनों पक्षों में चाकू और डंडे चल गए। परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
मेरठ के सरधना क्षेत्र के मेहरमती गणेशपुर गांव में ईद पर हुई दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम प्रधान सहीदू के दो सगे भाई, भूरा (40) और सैमुद्दीन (36) की निर्मम हत्या के बाद गांव में मातम और तनाव का माहौल व्याप्त है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों भाइयों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। आरोपियों के घरों में आग लगाने की भी कोशिश की गई।
