बड़ा सड़क हादसा: पर्यटकों से भरा वाहन गहरी खाई में गिरा; दो लोगों की मौत, दो घायल

स्वदेशी टाइम्स, नैनीताल: उत्तराखंड में नैनीताल के पास गैठिया में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां पर्यटकों से भरा वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। वाहन करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल चार पर्यटक सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से कैंची धाम और जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तल्लीताल और ज्योलिकोट पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य में जुटी। कार सवार सभी लोग उन्नाव के निवासी है जो बागेश्वर जा रहे थे। खाई गहरी होने के कारण बचाव दल को घायलों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कड़ी मेहनत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान अंकित चौधरी और अभिराज के रूप में हुई है, जो उन्नाव के पीतांबर नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ हो सकता है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *