रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी, ड्राइवर सहित 3 मजदूरों की मौत
स्वदेशी टाइम्स, छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने तीन परिवारों को सूना कर दिया। दमुआ थाना क्षेत्र के झिरीघाट के पास सोमवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के चालक सहित तीन मजदूर दबकर मारे गए।
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली रामपुर रोड पर झिरीघाट के निकट जा रही थी, जब अचानक यह अनियंत्रित हो गई और पलट गई। रेत की भारी मात्रा के कारण तीनों लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही दमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। तीनों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि झिरीघाट जैसे खतरनाक मोड़ों पर ओवरलोडेड वाहनों का चलना आम है, जिससे बार-बार जानें जाती हैं। फिलहाल पुलिस हादसों के कारण की जांच में जुट गई है।
