प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने की मुलाक़ात: किसान कल्याण वर्ष की गतिविधियों की दी जानकारी, पीएम ने की सराहना

स्वदेशी टाइम्स, भोपाल/नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर सीएम डॉ. यादव ने पीएम मोदी को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही राज्य में किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों और प्रदेश की प्रगति से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत कृषि विकास, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश में कई पहलें की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के बताए मार्ग के अनुसार चारों श्रेणियों, किसान-महिला-गरीब-युवा के लिए काम कर रही है। हम किसान कल्याण वर्ष को बहुत अच्छे से मना रहे हैं। करीब 16 विभागों, पशुपालन, मछली पालन, बागवानी, कृषि जैसे सभी विभागों को जोड़कर अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे काम को आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद दिया है और इसके नतीजे भी भविष्य में अच्छे होंगे।”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के समग्र विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है और मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से प्रदेश में निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी।

सांसदों से की चर्चा

गौरतलब है कि नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संसद भवन का भ्रमण भी किया और विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में विकास कार्यों को और गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *