मोगा में भाजपा की बदलाव रैली का आयोजन: केसरिया पगड़ी पहनकर पहुंचे अमित शाह, वित्तमंत्री ने उठाए सवाल

स्वदेशी टाइम्स, मोगा (पंजाब) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली को लेकर आम आदमी पार्टी के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्रीय गृह मंत्री से कई सवाल पूछे हैं। वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पिछले कई साल से पंजाब के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। ऐसा क्यों किया जा रहा है इस बारे में गृह मंत्री को जरूर बताकर जाना चाहिए।

मोगा के गांव किल्ली चहल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘बदलाव रैली’ का आयोजन किया गया है। रैली में गृह मंत्री अमित शाह बताैर मुख्य अतिथि पहुंचे। केसरिया पगड़ी पहनकर आए शाह का मंच पर भव्य स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में शाह ने सिख गुरुओं की शहादत को प्रणाम किया।शाह ने कहा कि आज से वे भाजपा के प्रचार की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी।

रैली से पहले शाह ने एक्स पर लिखा-पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है। जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को आप-दा सरकार ने करप्शन, ड्रग्स और अपराध में डुबो दिया है। रिमोट कंट्रोल वाली आप-दा सरकार में पंजाब से लॉ एंड ऑर्डर और विकास नदारद हैं। आज मोगा में भाजपा की ‘बदलाव रैली’ में पंजाब के बहनों-भाइयों से संवाद के लिए उत्सुक हूं।

वित्तमंत्री ने उठाए सवाल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को मोगा में रैली करने पहुंच रहे हैं। रैली के चलते आम आदमी पार्टी के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्रीय गृह मंत्री से कई सवाल पूछे हैं।

वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पिछले कई साल से पंजाब के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। ऐसा क्यों किया जा रहा है इस बारे में गृह मंत्री को जरूर बताकर जाना चाहिए। केंद्र ने बार-बार जायज फंड रोके हैं और राज्य की आर्थिकता को कमजोर करने की कोशिश की है।

वित्तमंत्री ने कहा कि केंद्र ने रूरल डेवलपमेंट फंड (आरडीएफ) समेत कई स्कीमों के तहत पंजाब के हजारों करोड़ रुपये रोक रखे हैं। केंद्र से ग्रामीण विकास निधि, नेशनल हेल्थ मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पंजाब के बकाया फंड जारी करने की मांग की गई थी मगर केंद्र ने किसी न किसी बहाने पेमेंट में लगातार देरी की है।

ट्रैफिक डायवर्ट, रूट प्लान जारी

रैली के कारण लुधियाना-फिरोजपुर रोड सहित आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पंजाब पुलिस के लुधियाना देहात पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान जारी किया है। पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जारी किए गए रूट प्लान का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की ट्रैफिक समस्या और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

आम लोगों के लिए वैकल्पिक रूट

रायकोट से मोगा जाने के लिए
रायकोट – बस्सियां – झोरड़ा – चकर – रामा – बिलासपुर – मोगा

लुधियाना से मोगा जाने के लिए
लुधियाना – मुल्लापुर – जगराओं – सिधवा बेट – गिद्दड़विंडी – किशनपुरा – धर्मकोट – मोगा

माहितपुर से मोगा जाने के लिए
माहितपुर – सिधवा बेट – किशनपुरा – धर्मकोट – मोगा

रैली में जाने के लिए रूट व्यवस्था

रायकोट साइड से रैली के लिए
रायकोट – बस्सियां – कमलपुरा – जगराओं तहसील चौक – नानकसर – किल्ली चहल

लुधियाना साइड से रैली के लिए
लुधियाना – मुल्लापुर – जगराओं – नानकसर – किल्ली चहल

जालंधर और नकोदर साइड से रैली के लिए
जालंधर – नकोदर – माहितपुर – सिधवा बेट – जगराओं – नानकसर – किल्ली चहल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रैली के दौरान कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *