शराब के नशे में धुत दरोगा ने दौड़ाई कार, कई लोगों को मारी टक्कर, मची अफरातफरी
स्वदेशी टाइम्स, शाहजहांपुर : शाहजहांपुर के बंडा थाने में तैनात दरोगा ने शराब के नशे में धुत होकर कार दौड़ाई, जिससे सड़क पर अफरातफरी मच गई। कार की टक्कर लगने से एक महिला और युवक घायल हो गए। अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
शाहजहांपुर के बंडा में शराब के नशे में धुत दरोगा ने अपनी निजी कार से कई लोगों को टक्कर मार दी। इससे गुस्साए लोगों ने चौराहे पर जाम लगा दिया और दरोगा को गाड़ी से उतार कर हाथापाई कर दी। कार की टक्कर लगने से घायलों का बंडा सीएचसी भेजा गया है।
बंडा थाने में तैनात एक दरोगा ने बृहस्पतिवार को होली खेलने के बाद अपनी निजी कार निकालकर दौड़ाना शुरू कर दी। मुख्य चौराहे पर कार के सामने आए कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस बीच पीलीभीत जिले के थाना घुंघचाई के गांव लुकटिआई निवासी 30 वर्षीय महिला विमलेश तिवारी दरोगा की गाड़ी की चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस पर भीड़ ने चौराहा जाम कर दिया। उसके बाद गुस्साई भीड़ ने दरोगा को गाड़ी से खींच लिया। कुछ लोगों ने हाथापाई भी कर दी। पुलिस ने किसी तरह उन्हें बचाया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि दरोगा की गाड़ी से किसी के टक्कर लगने की सूचना मिली है। दरोगा के शराब पीने के मामले की जांच की जाएगी।
