खेल-खेल में एक बच्चे ने दूसरे बच्चे की ली जान, इलाके में फैली सनसनी
स्वदेशी टाइम्स, रुड़की : एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां खेल-खेल में एक बच्चे ने दूसरे बच्चे की जान ले ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा. घटना की जांच कर पुलिस कार्रवाई करने की बात कह रही है.
बता दें कि पूरा मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर का है. जहां मौजूद आंबेडकर पार्क में सोमवार को कुछ बच्चे एक साथ खेल रहे थे. इसी बीच 2 बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. कहासुनी के दौरान एक बच्चे ने दूसरे बच्चे के सिर पर डंडे से हमला कर दिया. उसके बाद हमला करने वाला बच्चा अपने घर भाग गया.
हमले के बाद बच्चा अपने घर पहुंचा और सिर पर डंडा मारने की बात अपने को बताई. उसके बाद बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा. परिजन तत्काल बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान भानू (12) के रूप में हुई है. पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच कर आऱोपी बच्चे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
