बरातियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर रजबहा में पलटी, तीन हुए घायल

स्वदेशी टाइम्स, अलीगढ़ : पुलिया पर किसी भी प्रकार की रेलिंग नहीं थी। बरात की बस पुलिया से रजबहा में पलट गई। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। पलटी हुई बस में से बरातियों को मुश्किल से बाहर निकाला गया।

बरातियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर एक रजबहा में पलट गई। हादसे में तीन बराती घायल हो गए, बाकी को मामूली चोट आई है। जिस पुलिया से बस रजबहा में नीचे गिरी, उस पर कोई रेलिंग नहीं थी।

अलीगढ़ के थाना पालीमुकीमपुर अंतर्गत गांव दत्ताचोली खुर्द में 21 फरवरी को जवाहर सिंह की पुत्री की बरात जनपद संभल के थाना बहजोई अंतर्गत गांव बहरौली ताहरपुर से आई। बरात में आए बराती खाना खाने के बाद 22 फरवरी तड़के तीन बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरनौट भोजपुर के पास हरदोई राजवाहा की पुलिया पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बरातियों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में तीन बराती रामवीर, तिलक सिंह तथा राम खिलाड़ी घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बाकी अन्य बाराती सुरक्षित बच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं लेकिन सिंचाई विभाग ने पुलिया पर रेलिंग नहीं लगवाई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *