तहसील में अधिकारियों के सामने किसान ने खुद पर पेट्रोल डालकर की आत्मदाह कोशिश |
स्वदेशी टाइम्स, अयोध्या: अयोध्या में भरी तहसील में अफसरों के सामने किसान ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़कर पकड़ा। बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई न होने से वह परेशान था। घटना से मौके पर खलबली मच गई।
यूपी के अयोध्या में रुदौली तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एक पीड़ित किसान सत्रोहन ने अधिकारियों के सामने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। वह लंबे समय से जमीन की पैमाइश और शिकायतों के लंबित होने से परेशान था।
प्रशासन ने किसान को सुरक्षित हिरासत में लेकर उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनने और शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। पुलिस ने घटना की त्वरित जांच शुरू कर दी है। घटना ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह साफ करता है कि लंबित शिकायतें और न्याय न मिलने से लोग किस हद तक मजबूर और आक्रोशित हो सकते हैं।
