न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा मिला ईमेल, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
स्वदेशी टाइम्स, अमरोहा: अमरोहा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें जज के चैंबर में आरडीएक्स लगाए जाने और दोपहर को ब्लास्ट करने की बात कही गई है। सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया।
पिछले दिनों यूपी की कई अदालतों को उडाने की धमकी के बाद सोमवार को अमरोहा जनपद न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल भेजा गया है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद जिला जज ने बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष को भी इसकी जानकारी दी है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। जनपद न्यायालय में चेकिंग शुरू कर दी गई है। डॉग स्क्वॉड के साथ बम निरोधक दस्ता सर्च ऑपरेशन चला रहा है। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष सलीम खान एडवोकेट ने बताया कि अमरोहा जिला जज को एक ईमेल करीब 8:38 पर मिला है।
