बाबा बर्फानी का टिम्मरसैंण गुफा क्षेत्र जल्द ही नए स्वरूप में आएगा नजर, सरकार से 26 करोड़ 85 लाख रुपये स्वीकृत
स्वदेशी टाइम्स, गोपेश्वर (चमोली) : नीती घाटी के अंतिम नीती गांव में टिम्मरसैंण महादेव की गुफा स्थित है। प्रतिवर्ष जनवरी से मार्च माह तक यहां बाबा बर्फानी के दर्शन होते हैं।
हिमालय क्षेत्र में स्थित बाबा बर्फानी का टिम्मरसैंण गुफा क्षेत्र जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। गुफा तक आवाजाही भी सुगम हो जाएगी। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत जिला पर्यटन विकास विभाग की ओर से टिम्मरसैंण क्षेत्र को संवारने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए विभाग को भारत सरकार से 26 करोड़ 85 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
प्रसिद्धि बढ़ी तो देशभर से पहुंचने लगे श्रद्धालु
भारत-चीन सीमा क्षेत्र में नीती गांव में टिम्मरसैंण गुफा स्थित है। यूं तो वर्षों से यहां बर्फानी बाबा विराजते हैं, मगर पिछले कुछ वर्षों में बाबा बर्फानी की प्रसिद्धि काफी बढ़ी है, यही वजह है कि यहां के देश के विभिन्न कोनों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक औली व अन्य पर्यटन स्थलों के सैर-सपाटे के बाद टिम्मरसैंण गुफा के दर्शन को भी पहुंच रहे हैं। दिल्ली के मयंक शर्मा और मृदुल का कहना है कि उन्होंने इस बार औली घूमने के साथ ही टिम्मरसैंण गुफा के दर्शन का कार्यक्रम बनाया। टिम्मरसैंण में गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करने के साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य का भी करीब से दीदार किया।
