तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या, दरवाजा खटखटाने आया था आरोपी
स्वदेशी टाइम्स, ऋषिकेश: महिला ने सिर्फ अंदर वाला लकड़ी का दरवाजा खोला था। जाली वाला बंद ही था। तभी आरोपी युवक ने गोली चला दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को जाली तोड़ कर घर के अंदर जाना पड़ा।
शिवाजी नगर में एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की रात 10 बजे की है जब महिला घर पर अकेली थी। तभी एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला तो युवक ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने पर लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतक महिला की पहचान प्रीति रावत (32) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह शिवाजी नगर में किराये पर कमरा लेकर पिछले एक साल से रह रही थी और आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में नौकरी करती थी। कमरे में लकड़ी व जाली के दो दरवाजे हैं। महिला ने सिर्फ अंदर वाला लकड़ी का दरवाजा खोला था। जाली वाला बंद ही था। तभी आरोपी युवक ने गोली चला दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को जाली तोड़ कर घर के अंदर जाना पड़ा।
पटाखे जैसी आवाज से पड़ोसी को चला पता
पडोसी राधेश्याम ने बताया कि अचानक पटाखे की आवाज आने से वह चौंक गए। चहारदीवारी से झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने लोगों को घटना के संबंध में जानकारी दी।
