लुटेरी दुल्हन चलाती थी गैंग, आठ पतियों से लूटे लाखों, और फिर फंसी पुलिस के जाल में
स्वदेशी टाइम्स, महाराष्ट्र; महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां पुलिस ने एक ऐसी ‘लुटेरी दुल्हन’ को गिरफ्तार किया है जिसने एक-दो नहीं बल्कि आठ लोगों से पहले बारी-बारी से शादी की और उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए. पुलिस के अनुसार ये लुटेरी दुल्हन अपने अगले ‘शिकार’ की तलाश में थी. इससे पहले की वह अपना अगला शिकार कर पाती, उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी लुटेरी दुल्हन की पहचान समीरा फातिमा के रूप में की है. इस लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने उस वक्त पकड़ा है जब वह अपने नौवें ‘शिकार’ के लिए किसी अन्य शख्स से चाय पर मिल रही थी. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी दुल्हन अपने पतियों को ब्लैकमेल करके उनसे पैठे ऐंठ रही थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एक गिरोह से जुड़ी हुई थी लुटेरी दुल्हन
पुलिस की जांच में पता चला है कि समीरा फातिमा (लुटेरी दुल्हन) अपने अलग-अलग पतियों से पैसे ऐंठने के लिए एक गिरोह के साथ मिलकर काम कर रही थी. पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी समीरा शिक्षित है और पेशे से शिक्षिका है. पुलिस को शक है कि आरोपी लड़की ने बीते पिछले पंद्रह सालों में कई अन्य युवकों को भी ठगा है. वह मुस्लिम समुदाय के अमीर और शादीशुदा युवकों को निशाना बनाती है. वहीं, उसके पति का आरोप है कि उसने किसी से पचास लाख और किसी से पंद्रह लाख नकद या बैंक के ज़रिए वसूले हैं.उसने रिज़र्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी ऐसा ही किया है.
