Bharat Ratna: ‘किसानों और वंचितों के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध’, भारत रत्न विजेताओं पर अमित शाह ने कही ये बातें
स्वदेशी टाइम्स, नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को दो पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन और बिहार के दो बार पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इन सभी हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित करना किसानों, वंचितों और पिछड़ों के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इन प्रमुख हस्तियों को किया गया सम्मानित
मालूम हो कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई अन्य लोग शामिल हुए।
वहीं, अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि देश की चार प्रमुख हस्तियों को भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित करना देश के किसानों, वंचितों और पिछड़े लोगों के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि दूरदर्शी राजनेता पीवी नरसिम्हा राव को आज राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि राव ने एक महत्वपूर्ण मोड़ के दौरान देश का नेतृत्व किया और आधुनिक, उदारीकृत अर्थव्यवस्था की नींव रखते हुए साहसिक सुधारों की शुरुआत की। शाह ने कहा कि सामाजिक न्याय की कल्पना करते हुए उन्होंने हाशिए पर रहने वाले समूहों के उत्थान का मार्ग भी प्रशस्त किया।
करोड़ों अन्नदाताओं का सम्मान है चौधरी चरण सिंह को मिला भारत रत्नः गृह मंत्री
अमिश शाह ने एक अन्य पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के नायक चौधरी चरण सिंह को आज राष्ट्रपति ने भारत रत्न से सम्मानित कर देश के करोड़ों अन्नदाताओं का सम्मान किया है। चौधरी साहब ने लोकतंत्र व सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया और कृषि प्रधान राष्ट्र की राजनीति के केंद्र में किसानों को स्थापित करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
मोदी सरकार बढ़ा रही है आगे
जननायक कर्पूरी ठाकुर को मिले भारत रत्न को अमित शाह ने पिछड़ों-अतिपिछड़ों के अधिकारों के संघर्षों का सम्मान करार दिया। उन्होंने कहा कि वंचितों के संघर्ष के इतिहास में आज के दिन को युगों तक याद किया जाएगा। आज राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित कर पिछड़ों-अतिपिछड़ों के अधिकारों के संघर्ष को सम्मान दिया है। कर्पूरी ठाकुर ने बिहार की धरती से पिछड़ों के सशक्तिकरण की जो शुरुआत की थी आज उसे मोदी सरकार आगे बढ़ा रही है।
अमित शाह ने एमएस स्वामीनाथन को बताया युगांतकारी व्यक्ति
वहीं, अमित शाह ने डॉ. एमएस स्वामीनाथन को युगांतकारी व्यक्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. एमएस स्वामीनाथन ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा से हमारे देश और लाखों गरीब लोगों के भाग्य को बदल दिया। शाह ने आगे कहा कि हरित क्रांति के वास्तुकार एमएस स्वामीनाथन ने यह सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम किया कि इसका लाभ किसानों तक पहुंचे। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित करना किसानों के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
