Rawli Mahdood में नाले में बही मासूम विधिका का अब तक सुराग नहीं, रातभर चला रेस्क्यू
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Rawli Mahdood हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय बच्ची विधिका का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। सोमवार शाम हादसे के बाद एसडीआरएफ, पुलिस, फायर ब्रिगेड और शिवालिक नगर पालिका की टीमों ने रातभर सर्च अभियान चलाया, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह भी तलाश अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया।
नाले में कूड़े और सीवर लाइन से रेस्क्यू में परेशानी
रेस्क्यू टीम को नाले में भारी मात्रा में जमा कूड़े और जगह-जगह डाली गई सीवर लाइनों के कारण तलाशी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नाले का रास्ता बाधित है। इसके अलावा आसपास अतिक्रमण और घनी आबादी होने से भी टीम को अभियान चलाने में परेशानी आ रही है।
विधायक आदेश चौहान ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक आदेश चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा है, जबकि बच्ची के परिजन लगातार उसकी सलामती की उम्मीद लगाए हुए हैं।
सहेली को लोगों ने बचाया, विधिका तेज बहाव में बही
विधिका के पिता गौतम कुमार मूल रूप से बिजनौर के ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनका परिवार रावली महदूद में कृपाल स्कूल के पास किराये के मकान में रहता है और मजदूरी करता है।
सोमवार शाम बारिश के दौरान विधिका अपनी सात वर्षीय सहेली हिमानी के साथ खेल रही थी। इसी दौरान दोनों बच्चियां नाले में गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका पानी के तेज बहाव में बह गई।
जेसीबी से हटाया गया कूड़ा, नाले में भी उतरी टीम
सूचना मिलने के बाद सिडकुल थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रातभर नाले के अंदर और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाशी ली गई। जेसीबी की मदद से नाले के अलग-अलग हिस्सों से कूड़ा हटाया गया। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने भी नाले में उतरकर बच्ची की तलाश में सहयोग किया।
नाले में सीवर लाइन और अतिक्रमण बनी बड़ी बाधा
एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात सर्च अभियान चलाया गया। नाले में कूड़ा अधिक होने, कई जगह सीवर लाइन डाले जाने और घनी आबादी के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। इसके बावजूद टीम संभावित स्थानों पर लगातार बच्ची की तलाश कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बारिश रुकने के बाद नाले में पानी कम हुआ है, लेकिन कई हिस्सों में कूड़े और गंदगी के कारण दलदल जैसी स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों की ओर से नाले में सीवेज लाइन डालने और जगह-जगह किए गए अतिक्रमण से भी अभियान प्रभावित हो रहा है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें बच्ची को खोजने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं, विधिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।