Dehradun के प्रसिद्ध क्लब के रेस्टोरेंट में कॉकरोच-चूहे और सड़ी सब्जियां मिलीं, तत्काल बंद कराया गया
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : राजधानी देहरादून के एक प्रतिष्ठित क्लब के रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। मंगलवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी, सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री और गंदगी पाई गई। इन खामियों के बाद रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। साथ ही संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि संबंधित क्लब में वीवीआईपी सहित कई गणमान्य अतिथियों का आना-जाना रहता है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दिशा-निर्देशों पर सचिव सीमा डुंगराकोटी तथा खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
रसोई और फ्रीजर में मिलीं गंभीर खामियां
निरीक्षण के दौरान रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री रखने के स्थान, बर्तन धोने वाले क्षेत्र और स्टोर रूम की जांच की गई। इस दौरान कई खाद्य पदार्थ खराब हालत में मिले। फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सहित कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में रखी हुई थीं।
टीम को करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज की सामग्री भी मिली। इसके अलावा लगभग दो दिन पुराने चावल और दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा भी रखा हुआ था। खाद्य पदार्थों को खुले बर्तनों में रखने की बात भी सामने आई।
मसालों की अलमारी में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान रसोईघर और मसालों की अलमारी में कॉकरोच व चूहे पाए गए। कई मसालों की थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई थीं। इससे खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और रसोई की स्वच्छता पर सवाल खड़े हुए हैं।
बर्तन धोने वाले क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा भी मिला। इसके साथ ही नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम की हालत भी खराब पाई गई।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। मौके पर करीब पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज की सामग्री और बासी चिकन करी नष्ट कराई गई।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल कराने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इन दस्तावेजों की अनुपलब्धता को भी जांच में शामिल किया गया है।
संचालक को 14 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश
निरीक्षण में मिली अनियमितताओं के आधार पर रेस्टोरेंट संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। संचालक को परिसर की गहन सफाई कराने, खराब खाद्य सामग्री हटाने, पेस्ट कंट्रोल कराने और नालियों तथा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा गया है। निर्धारित समय पूरा होने के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधार कार्यों की स्थिति देखी जाएगी। कमियां दूर नहीं होने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
आमजन के स्वास्थ्य से समझौता बर्दाश्त नहीं: सीमा डुंगराकोटी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि शहर के प्रतिष्ठित क्लब में इस तरह की अनियमितताएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यहां वीवीआईपी सहित कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है, इसलिए भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब नमूनों की जांच रिपोर्ट और दोबारा होने वाले निरीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।