2027 चुनाव से पहले जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं सीएम धामी
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : CM Dhami उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आम लोगों से सीधे संवाद करने के लिए जाने जाते हैं। इसी क्रम में देहरादून स्थित पुलिस लाइंस हेलीपैड पर उनका एक स्कूली बच्ची से बातचीत का वीडियो सामने आया है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
हेलीपैड के पास खड़ी एक नन्ही छात्रा पर मुख्यमंत्री की नजर पड़ी तो वह खुद उसके पास पहुंचे और मुस्कुराते हुए बातचीत शुरू की। सबसे पहले उन्होंने बच्ची से पूछा कि वह किस कक्षा में पढ़ती है। बच्ची ने बताया कि वह तीसरी कक्षा की छात्रा है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने उससे अपना नाम बताने को कहा। बच्ची ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया, “श्री पुष्कर सिंह धामी।” बच्ची का जवाब सुनकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और अपना नाम दोहराया। इसके बाद उन्होंने पूछा कि वह स्कूल जा रही है या स्कूल से लौट रही है। बातचीत के अंत में मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बच्ची के सिर पर हाथ फेरकर उसका उत्साह बढ़ाया।
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री धामी बच्चों से इस तरह मिले हों। इससे पहले भी वे कई अवसरों पर स्कूली छात्रों से बातचीत करते, उनके साथ समय बिताते और खेलते हुए दिखाई दिए हैं। मॉर्निंग वॉक के दौरान भी वे अक्सर आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनते हैं और राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हैं।
राजनीतिक दृष्टि से भी उत्तराखंड का आगामी वर्ष महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि 2027 में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस भी विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर है और सत्ता में वापसी के प्रयास कर रही है।