Miss World 2024 के फिनाले में चला Heeramandi की हीरोइनों का जादू, ‘सकल बन’ गाने पर रैम्प वॉक कर लूट ली महफिल
स्वदेशी टाइम्स, नई दिल्ली: हीरामंडी साल 2024 की मच अवेटेड सीरीज है। इसका निर्देशन संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) ने किया है। वह सीरीज से ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। हाल ही में, सीरीज का पहला गाना सकल बन (Sakal Ban) रिलीज हुआ है।
इस सीरीज के जरिए संजय लीला भंसाली पाकिस्तान के मशहूर जगहों में से एक हीरामंडी की कहानी बताएंगे। इसमें सोनक्षी सिन्हा, मनीषा कोइराला, ऋचा चड्ढा, अदिति हैदरी, शरमिन सहगल और संजीदा शेख जैसी अभिनेत्रियां अहम भूमिका निभा रही हैं। सभी सीरीज का प्रमोशन करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।
रैम्प पर हीरामंडी की हीरोइनों ने दिखाया जलवा
बीते दिन हीरामंडी का पहला गाना सकल बन रिलीज हुआ, जिसे राजा हसन ने गाया है। 9 मार्च को मिस वर्ल्ड 2024 फिनाले भी था। ऐसे में हीरामंडी की हीरोइनों ने अपना गाना मिस वर्ल्ड के मंच पर प्रमोट किया। सभी शाही कपड़ों में सकल बन के गाने पर शानदार रैम्प वॉक करती नजर आईं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी सामने आया है।
शाही लिबास में दिखाई अदाएं
क्लिप में सोनाक्षी सिन्हा से लेकर मनीषा कोइराला और ऋचा चड्ढा समेत सभी अभिनेत्रियों को शाही लिबास में सकल बन गाने पर रैम्प वॉक करते हुए देखा जा सकता है। हीरामंडी के लुक में सभी अभिनेत्रियों बहुत ही खूबसूरत लग रही हैं। मनीषा ने जहां पीली साड़ी में अपनी अदाएं दिखाईं, जबकि बाकियों ने लहंगा और शरारा पहन शाही अंदाज दिखाया।
इस वीडियो को शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, “सीमाओं से परे सुंदरता! हीरामंडी के रत्न, मिस वर्ल्ड 2024 के सितारों के साथ चलें। वैश्विक मंच पर वसंत के आगमन का जश्न सकल बन के साथ मनाएं।”
कब रिलीज होगी हीरामंडी?
संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज हीरामंडी इसी साल ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज होगी। अभी तक तारीख का एलान नहीं किया गया है। कुछ समय पहले सीरीज का टीजर रिलीज हुआ था, जिसे खूब पसंद किया गया था। गाना भी लोगों की वाहवाही लूट रहा है। अब बस इंतजार सीरीज का है।
