Ankita Bhandari की कथित निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्या के खिलाफ तहरीर, पहाड़ी महासभा ने दी आंदोलन की चेतावनी
स्वदेशी टाइम्स , हरिद्वार : हरिद्वार में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या की ओर से अंकिता भंडारी से जुड़ी कथित निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया है। सोमवार को पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने हरिद्वार नगर कोतवाली पहुंचकर विनोद आर्या के खिलाफ तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
निजी चैट सार्वजनिक करने पर जताई नाराजगी
पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड पूरे उत्तराखंड से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। ऐसे में मृतका की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। महासभा का कहना है कि जब मामले की जांच सीबीआई कर रही है, तो इस तरह की कथित चैट सार्वजनिक करने से बचना चाहिए था।
संगठन ने विनोद आर्या के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
15 नवंबर को विनोद आर्या ने की थी प्रेस वार्ता
दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के पिता और पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या ने रविवार, 15 नवंबर को अपने वकील के साथ हरिद्वार में प्रेस वार्ता की थी। इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी से जुड़ी कुछ कथित निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थीं।
प्रेस वार्ता के दौरान विनोद आर्या और उनके वकील ने हत्याकांड की जांच करने वाली एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे। इसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
पहाड़ी महासभा ने लगाया मुद्दा भटकाने का आरोप
पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता भंडारी पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उसके साथ हुई घटना ने प्रदेश को झकझोर दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक अंकिता के परिवार को न्याय नहीं मिला है, तब उसकी निजी बातचीत सार्वजनिक करने का क्या औचित्य है।
तरुण व्यास ने आरोप लगाया कि विनोद आर्या इस मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि विनोद आर्या के पास ये कथित चैट कहां से आईं और इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने विनोद आर्या की ओर से 50 करोड़ रुपये की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने के दावे की भी जांच कराने की मांग की।
महिला प्रकोष्ठ ने भी कार्रवाई की मांग उठाई
पहाड़ी महासभा की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना के बाद से ही पूरा प्रदेश उसके परिवार के साथ खड़ा है। लोग लगातार अंकिता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में उसकी निजी चैट सार्वजनिक किए जाने से उत्तराखंड के लोगों को ठेस पहुंची है।
उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले से अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। इसलिए पुलिस को शिकायत का संज्ञान लेकर पूरे प्रकरण की जांच करनी चाहिए और विनोद आर्या के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन अंकिता को न्याय दिलाने की मांग पर पीछे नहीं हटेगा।
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की
इस मामले में हरिद्वार नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई नंद किशोर ग्वाडी ने बताया कि पहाड़ी महासभा की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।
फिलहाल पहाड़ी महासभा ने पुलिस से तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।