Haridwar में बेकाबू बस का कहर, ऑटो चालक का हाथ कटा; 4 कारों को भी मारी टक्कर
स्वदेशी टाइम्स, हरिद्वार : ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू हुई बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई।
ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग हुआ
हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अस्पताल के बाहर पांच वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस दुर्गा चौक की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मारता चला गया।
हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। दुर्घटना एक निजी अस्पताल के बाहर हुई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बस चालक हिरासत में
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी, निवासी सहारनपुर और हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।