Uttarakhand छात्र संघ चुनाव में छात्राओं को मिलेगा 50% आरक्षण, 29 सितंबर को चुनाव की संभावना
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Uttarakhand के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्र संघ और छात्र परिषद में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व देने के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री ने अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में अधिकारियों को तीन दिन के भीतर शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा। प्रस्ताव के तहत छात्र परिषद और छात्र संघों में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी।
छात्र संघों के ढांचे में होगा बदलाव
डॉ. धन सिंह रावत ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को मौजूदा छात्र संघ ढांचे में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्र संघ चुनाव की तिथियां जल्द घोषित करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में छात्र संघों में उनकी पर्याप्त भागीदारी जरूरी है। 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलने से छात्राओं को अपनी समस्याएं और सुझाव प्रभावी तरीके से सामने रखने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
मंत्री के मुताबिक, इससे छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
29 सितंबर को हो सकते हैं छात्र संघ चुनाव
प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव 29 सितंबर को होने की संभावना है। हालांकि, चुनाव से पहले छात्र संघों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन करना होगा, ताकि छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था लागू की जा सके।
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को इसी दिशा में जल्द प्रस्ताव और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
बैठक में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। उच्च शिक्षा मंत्री ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राजकीय और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान भाषण, चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री भी हिस्सा लेंगे।
बैठक में दून विश्वविद्यालय की कुलपति सुरेखा डंगवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति एसएस बिष्ट, मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति नवीन चंद्र लोहनी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति रमाकांत पांडेय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति अम्बरीश महाजन समेत उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
छात्र संघ चुनाव में 50 फीसदी प्रतिनिधित्व की व्यवस्था लागू होने से प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्राओं की राजनीतिक एवं संगठनात्मक भागीदारी को नया मंच मिलने की उम्मीद है।