Chandigarh के कबाड़ी मार्केट में भीषण आग, 30 से अधिक दुकानें चपेट में
स्वदेशी टाइम्स, चंडीगढ़ : Chandigarh के डड्डूमाजरा क्षेत्र स्थित तोगा रोड की मोटर और कबाड़ी मार्केट में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एक दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों तक फैल गई। राहत की बात यह रही कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मार्केट में बड़ी संख्या में पुरानी गाड़ियां, टायर, इंजन, प्लास्टिक के पुर्जे और अन्य ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि 30 से अधिक दुकानों वाली इस मार्केट की कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार राहत अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मार्केट के दोनों ओर से आवाजाही बंद कर दी और पूरे इलाके को खाली करा दिया। प्रशासन ने आसपास के लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।