Khatima में कथित धर्मांतरण मामले का खुलासा, कांग्रेस से जुड़े सदस्य समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, खटीमा : Khatima ऊधमसिंह न गर जिले के खटीमा क्षेत्र में कथित धर्मांतरण और धमकी से जुड़े मामले में पुलिस ने SIT जांच के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दान सिंह राणा, जय सिंह राणा, द्रौपदी राणा और सुनील जार्ज पास्टर उर्फ सुनील जार्ज मसीह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर लोगों को लालच, भय और दबाव के जरिए धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है।

बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 10 मई को खटीमा निवासी रामपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग चंगाई सभा, पैसों के लालच और डर दिखाकर लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं।

इसके बाद 23 मई को ग्राम दियां निवासी एक महिला एसएसबी जवान ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति और अन्य लोग उस पर जबरन ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर जान से मारने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और SIT गठित की गई।

SIT जांच के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, प्रार्थना सभाओं की फोटो और वीडियो, आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी दान सिंह राणा खटीमा में कांग्रेस पार्टी का विशेष आमंत्रित सदस्य बताया जा रहा है।

वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि दान सिंह राणा लंबे समय से ईसाई धर्म से जुड़े हैं और सरकार के इशारे पर उन्हें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में किसी भी व्यक्ति द्वारा गरीब, असहाय और भोले-भाले लोगों को लालच, भय या दबाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *