देहरादून में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े, आम जनता पर महंगाई का असर
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Petrol Diesel सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर आम जनता को बड़ा झटका दिया है। देहरादून में पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। पिछले 10 दिनों में ईंधन कीमतों में करीब पांच रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नई दरों के अनुसार, देहरादून में अब पेट्रोल 97.85 रुपये प्रति लीटर और डीजल 93.18 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, CNG उपभोक्ताओं को भी राहत नहीं मिली है। शहर में CNG की कीमत में तीन रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है, जिसके बाद अब CNG 97 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। निजी वाहन इस्तेमाल करने वालों का मासिक खर्च बढ़ेगा, जबकि डीजल महंगा होने से ट्रक, बस और माल ढुलाई की लागत भी बढ़ सकती है। इसका असर आने वाले दिनों में सब्जियों, फलों, दूध और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है। लगातार बढ़ती कीमतों से मध्यम वर्ग और व्यापारियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
