Roorkee Firing : दुकान में घुसकर मारपीट के बाद कैसे हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ?
स्वदेशी टाइम्स, रुड़की : Roorkee Firing : हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब दबंगों ने भारतीय किसान यूनियन (तोमर) से जुड़े नेता के बेटे की दुकान पर हमला कर दिया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने मारपीट के बाद ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर दी।
घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित नवीन मंडी मार्केट की है। बताया जा रहा है कि भाकियू (तोमर) नेता मोहम्मद तालिब के बेटे की बिजली की दुकान पर कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। आरोपियों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और युवक के साथ मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपियों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे बाजार में भगदड़ मच गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि रुड़की में लगातार दूसरे दिन फायरिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
