Nainital Car Accident: खाई में गिरी पर्यटकों की कार, एक युवक ने गंवाई जान

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, नैनीताल : Nainital में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पर्यटकों की यात्रा को मातम में बदल दिया। जिले के पाइंस क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जोधपुर के डांगियावास निवासी 24 वर्षीय अरविंद सिंह और 20 वर्षीय युवराज सिंह अपने दोस्त राहुल कुमार (हल्द्वानी निवासी) के साथ घूमने आए थे। तीनों ने पहले कैंची धाम और घोड़ाखाल मंदिर में दर्शन किए थे।

बताया जा रहा है कि राहुल कुमार को नैनीताल में दोपहर डेढ़ बजे इंटरनल परीक्षा देनी थी, जिसके चलते वे जल्दबाजी में नैनीताल की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पाइंस श्मशान घाट के पास मोड़ काटते समय वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार गहरी खाई में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की मदद से कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस फिलहाल मृतक के परिजनों को सूचना देने और मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर किया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *