स्वदेशी टाइम्स, देहरादून: देहरादून से बड़ी खबर चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा है कि यात्रा की तैयारियां अभी भी पूरी नहीं हुई हैं।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भले ही रुद्रप्रयाग दौरे पर हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जरूरी व्यवस्थाएं अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने खास तौर पर गैस सप्लाई और अन्य आवश्यक सेवाओं को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट और भरोसेमंद जानकारी न होने पर सवाल उठाए।
उनका कहना है कि इसी वजह से इस बार होटलों में एडवांस बुकिंग भी अपेक्षा के अनुसार नहीं हो रही है, जिससे चारधाम यात्रा में गिरावट की आशंका बढ़ गई है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि सिर्फ मुख्य सचिव के पत्राचार से हालात नहीं सुधरेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री को सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत कर राजनीतिक स्तर पर समाधान निकालना चाहिए।
गोदियाल ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए प्रचार-प्रसार के बोर्ड केवल दिखावे तक सीमित रह जाएंगे और आम लोगों को इसका कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा।